खैरथल
स्वयंसिद्धा आश्रम खैरथल का अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट ने शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित स्वयंसिद्धा आश्रम, खैरथल का निरीक्षण किया। पूर्व में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रणवीर सिंह ने भी इस आश्रम का निरीक्षण कर प्रशासन को इसकी कमियों के बारे में अवगत कराया जिस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान आश्रम में कुल 13 लाभार्थी ही उपस्थित पाए गए, जबकि आश्रम की स्वीकृत क्षमता 50 है। इस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आश्रम संचालक को निर्देशित किया कि आश्रम में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए तत्काल आवश्यक प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को आश्रम की सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में आवासित व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सक की नियमित विजिट सुनिश्चित की जाए। आश्रम से संबंधित समस्त सामान को व्यवस्थित रूप से स्टोर रूम में रखा जाए तथा परिसर, शौचालय एवं स्नानागार की नियमित साफ-सफाई बनाए रखी जाए।
उन्होंने आगंतुक रजिस्टर का विधिवत संधारण करने, आश्रम से संबंधित सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा रसोईघर में राशन सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बनाए रखने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रत्येक कमरे में कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने आवासित व्यक्तियों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, महिला विंग के लिए पृथक व्यवस्था बनाए रखने तथा आवासितों को दैनिक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासितों को उपलब्ध कराए जाने वाले वस्त्र नियमित रूप से पहनाने अथवा गणवेश निर्धारित करने के लिए भी कहा।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने आश्रम संचालक को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा निर्धारित सभी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ आश्रम में निवासरत प्रत्येक पात्र वृद्धजन तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए, अन्यथा निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
