ललितपुर
दान मनुष्य के जीवन का श्रेष्ठ सत्कर्म : स्वामी बालभरतजी
श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। श्रीसिद्धपीठ श्री तुवन सरकार मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिवस कथा व्यास स्वामी बालभरत महाराज ने कहा कि दान मनुष्य के जीवन का श्रेष्ठ सत्कर्म है। अन्नदान, जलदान और वस्त्रदान जैसे दान के अनेक रूप हैं। यदि ईश्वर ने किसी व्यक्ति को सामथ्र्य दी है तो उसे खुले दिल से दान कर पुण्य अर्जित करना चाहिए। शास्त्रों में दान की विशेष महिमा बताई गई है और श्रद्धावान व धर्मपरायण व्यक्ति ही दान देने की वास्तविक योग्यता रखता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान अवश्य करना चाहिए। कथा के दौरान स्वामी बालभरत जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, नंदोत्सव व उनकी बाल लीलाओं के मनोहारी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। उन्होंने बताया कि भगवान की करुणा असीम है। बालक कृष्ण को मारने आई पूतना को भी प्रभु ने माता के समान सद्गति प्रदान की, जबकि वह बाल हत्यारिन थी। यह भगवान की कृपा और करुणा का सहज स्वभाव है। स्वामी जी ने कहा कि जीवन में किसी भी जीव चाहे वह मानव हो या पशु-पक्षी को कष्ट नहीं पहुंचाना चाहिए। मनुष्य को शाकाहारी जीवन अपनाना चाहिए क्योंकि हमारे शास्त्र मांसाहार की अनुमति नहीं देते। कुछ लोग यह भ्रम फैलाते हैं कि शाकाहार में शक्ति कम होती है, जबकि यह पूरी तरह गलत है। शाकाहार शरीर के लिए सर्वोत्तम पोषण देता है। हमारा आहार ही हमारे विचार और कर्मों को प्रभावित करता है, इसलिए सात्विक आहार से ही सात्विक कर्मों का विकास होता है। कथा के दौरान श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन के नैतिक मूल्यों पर भी प्रकाश डाला गया। गौचारण लीला, वेणु वादन लीला, कालिया नाग मर्दन लीला और श्रीगोवर्धन पूजा जैसे रसमय प्रसंगों का वर्णन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया गया। सुबह के सत्र में वैदिक विद्वानों द्वारा पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया। वहीं रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी जारी है। सम्पूर्ण आयोजन नौहर कलाँ परिवार द्वारा किया जा रहा है। कथा के अवसर पर महंत रामलखन दासजी महाराज, संत माधव दासजी महाराज, धर्मेन्द्र रावत, दीपक राठौर, आशीष लिटोरिया, अनुज कांत, अभिषेक पाण्डेय, कल्याण सिंह यादव, राजकुमार यादव, एमएलसी रमा निरंजन, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

