नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। शहर के जाटव समाज संस्थान की नई कार्यकारिणी एवं अध्यक्ष पद के चुनाव आगामी 22 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर समाज में गतिविधियां तेज हो गई हैं और अध्यक्ष पद के लिए तीन संभावित दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं।
सामाजिक चर्चाओं के अनुसार तीनों दावेदार अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
निर्वाचन अधिकारी मोहनलाल वर्मा तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी सुंदर लाल भटेडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आवेदन पत्रों का विक्रय किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को नामांकन पत्र भरे जाएंगे तथा सोमवार को नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद 22 मार्च को अंबेडकर भवन में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
समाज के चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्माने लगा है।
