राजनीतिराष्ट्रीय

ईरान के खिलाफ पाकिस्तान

सऊदी अरब को दिया पूरा समर्थन, क्राउन प्रिंस से मुलाकात के लिए पहुंचे शहबाज शरीफ

इस्लामाबाद। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब का दौरा किया। उन्होंने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मिलकर सऊदी अरब को अपना पूरा समर्थन दिया। दोनों देशों ने क्षेत्रीय शांति के लिए मिलकर काम करने और रक्षा समझौते के तहत एक-दूसरे की मदद करने पर सहमति जताई।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ एक विशेष बैठक की। यह मुलाकात जेद्दा में हुई। इस दौरान शहबाज शरीफ ने पश्चिम एशिया के मौजूदा चुनौतीपूर्ण हालात में सऊदी अरब के लिए अपनी पूरी एकजुटता और समर्थन दिखाया।
क्या बोला पाकिस्तान?-यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद क्षेत्र में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रधानमंत्री के साथ उप-प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर भी जेद्दा पहुंचे थे। दोनों देशों के नेताओं ने क्षेत्र के ताजा घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने का फैसला लिया। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान हमेशा सऊदी अरब के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
पाकिस्तान के सामने बड़ी मुश्किल-पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पिछले साल सितंबर में एक रक्षा समझौता हुआ था, जिसके तहत किसी तीसरे देश के हमले की स्थिति में दोनों देशों ने एक-दूसरे की रक्षा करने का वादा किया गया था। यह समझौता उस समय हुआ था जब इस्राइल ने कतर में हमास नेताओं पर हमला किया था। अब ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव ने पाकिस्तान की भूमिका को अहम बना दिया है। पाकिस्तान के लिए यह स्थिति थोड़ी मुश्किल है क्योंकि ईरान उसका पड़ोसी है और उसके साथ भी पाकिस्तान के अच्छे संबंध हैं।
हाल ही में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि पाकिस्तान जरूरत पड़ने से पहले ही सऊदी अरब की मदद के लिए तैयार रहेगा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से भी फोन पर बात की थी। पाकिस्तान इस पूरे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले आसिम मुनीर ने भी किया था दौरा- इससे पहले, सात मार्च को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने भी सऊदी अरब का दौरा किया था। उन्होंने सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान से मुलाकात की थी। उस समय उन्होंने ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों से पैदा हुए सुरक्षा खतरों पर चर्चा की थी। दोनों देशों ने रक्षा समझौते के तहत इन हमलों को रोकने के उपायों पर बात की थी। पाकिस्तान उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने भी पिछले दिनों सऊदी और ईरानी विदेश मंत्रियों से कई बार बात की है। उन्होंने ईरान से आग्रह किया था कि वह सऊदी अरब पर हमला न करे। पाकिस्तान लगातार मुस्लिम देशों के नेताओं के संपर्क में है ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button