बहराइच
घूस लेते लेखपाल के वायरल वीडियो का एसडीएम ने लिया संज्ञान निलंबित
खतौनी में रकबा संशोधन के लिए वीडियो में रुपए ले रहा था लेखपाल।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बहराइच। महसी तहसील में तैनात लेखपाल का घूस लेते एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। रकबा संशोधन के नाम पर काश्तकार से लेखपाल घूस ले रहा था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने संबंधित लेखपाल को तत्काल निलंबित कर दिया है। तहसील के जबदी गांव के लेखपाल प्रदीप सिंह का एक घूस लेते वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें काश्तकार से लेखपाल को रुपए लेते हुए साफ साफ देखा जा रहा था । वीडियो में एक तीसरे आदमी ने पांच सौ रुपए देने को कहा शेष पांच सौ रुपए काम होने के बाद देने की बात कही है। उसके बाद काश्तकार से लेखपाल पांच सौ रुपए ले रहा है। जानकारी के मुताबिक तहसील के राजस्व गांव जबदी के बाबा पुरवा निवासी एक काश्तकार अपनी खतौनी में त्रुटिपूर्ण रकबे का संशोधन करने के लिए लेखपाल प्रदीप सिंह से कहा तो लेखपाल ने उसके बदले अधिक रुपए की मांग की। जबदी के हड़बड़हा चौराहे पर स्थित एक फोटो स्टेट की दुकान पर काश्तकार ने अपने साथी के साथ जाकर मुलाकात की तो काम के बदले प्रदीप सिंह ने रुपए की मांग की जिसमें काश्तकार ने पांच सौ रूपए दिए और काम होने के बाद पांच सौ रुपए देने को कहा साथ ही रुपया देते हुए वीडियो बनवा लिया। वीडियो वायरल होते ही राजस्व विभाग हड़कंप मच गया। एसडीएम प्रकाश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच कराई गई है। वीडियो में लेखपाल को दोषी पाने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया है।



