शामली

अकीदत और एहतराम के साथ अदा हुई रमज़ान के चौथे जुमे की नमाज़

मुल्क में अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। मुकद्दस रमज़ान उल मुबारक के पवित्र महीने में चौथे जुमे की नमाज़ शुक्रवार को कस्बा चौसाना की सभी मस्जिदों में पूरे अकीदत, एहतराम के साथ अदा की गई। सुबह से ही रोज़ेदारों में इबादत का खास जज्बा देखने को मिला। नमाज़ अदा करने के लिए बड़ी संख्या में नमाज़ी मस्जिदों में पहुंचे और अल्लाह तआला की हम्द-ओ-सना बयान करते हुए उसकी रहमतों और बरकतों का शुक्र अदा किया।
जुमे की नमाज़ से पहले उलमा-ए-किराम ने अपने खुत्बों में रमज़ान के पाक महीने की फजीलत और अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना रहमत, मगफिरत और जहन्नम से निजात का महीना है। इस महीने में अल्लाह तआला अपने बंदों पर खास रहमतें नाजिल करता है और बंदों की दुआओं को कुबूल फरमाता है। इसलिए इस महीने में ज्यादा से ज्यादा इबादत, तिलावत, रोज़ा और नेक अमल करने चाहिए। नमाज़ के दौरान रोज़ेदारों ने सजदे में झुककर अपने गुनाहों की माफी मांगी और अल्लाह से अपने मुल्क, कौम और पूरी इंसानियत की सलामती के लिए दुआएं मांगीं। मस्जिदों में नमाज़ के बाद खास तौर पर देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की गई। नमाज़ियों ने अल्लाह से दुआ की कि देश में मोहब्बत, आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रहे तथा मुल्क तरक्की की राह पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। साथ ही समाज में इंसानियत, भाईचारा और एकता का पैगाम भी दिया गया। रमज़ान के इस पवित्र मौके पर कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नजर आई। चौसाना चौकी अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते दिखाई दिए।मस्जिदों और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल की मुस्तैद तैनाती रही, जिससे नमाज़ियों ने पूरी शांति और सुकून के साथ इबादत अदा की। रमज़ान के इस पवित्र अवसर पर चौसाना में धार्मिक सौहार्द और भाईचारे की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। हर तरफ इबादत, दुआ और इंसानियत का पैगाम गूंजता रहा। चौथे जुमे की नमाज़ के दौरान उमड़ी नमाज़ियों की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि रमज़ान का महीना लोगों के दिलों में अल्लाह की इबादत के साथ-साथ इंसानियत और आपसी मोहब्बत की भावना को भी और मजबूत करता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button