भरत पुर
कृषि महाविद्यालय का किया भ्रमण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। कृषि आदान विक्रेताओं के एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स के 40 सदस्यीय आदान विक्रेताओं के दल ने कृषि महाविद्यालय भुसावर का 13 मार्च 2026 को भ्रमण किया। महाविद्यालय के डीन डॉ उदय भान सिंह ने फल एवं सब्जियों की वैज्ञानिक खेती पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि सौंफ की अच्छी गुणवत्ता वाला हरा दाना बनाने के लिए दो से तीन चुंटाई करनी चाहिए। दाने को पीला पड़ने से पहले हरी अवस्था में गुच्छे की चुंटाई कर लें तथा छायादार स्थान पर, पक्के फर्श पर इकहरी परत में सुखा लें। डॉ उदय भान सिंह ने बताया कि कद्दूवर्गीय सब्जियों में केवल धोरे में पानी देने के बजाय पूरे खेत में सिंचाई करनी चाहिए, अन्यथा धूप से बेलंे झुलस जाती हैं। आदान विक्रेताओं को फलदार बगीचों का भ्रमण भी कराया गया। उन्हे अमरूद व आॅवला के तना छेदक कीट की पहचान व उसके नियंत्रण के व्यावहारिक जानकारी दी गई। बेर का छाछया रोग, नींबू का कैंकर, नींबू की तितली, मकड़ी, एफिड, सफेद मक्खी आदि की पहचान व नियंत्रण विधि बताई। आदान विक्रेताओं ने महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं का भी भ्रमण किया। उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्र, उच्च तकनीकी खेती, मृदा जांच, खेती में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग, वर्मीकम्पोस्ट बनाने तथा कलम द्वारा पौधे तैयार करने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर देशी प्रशिक्षण प्रभारी ओंकार सिंह, डॉ राहुल कुमार व डाॅ. एस एल यादव उपस्थित थे।


