हजारीबाग

रामनवमी महासमिति अध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

करण यादव उर्फ लड्डू यादव बने अध्यक्ष।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग शहर के ऐतिहासिक बड़ा अखाड़ा प्रांगण में शनिवार को रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गया। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे दिन मतदान की प्रक्रिया अनुशासन के साथ पूरी हुई। चुनाव को लेकर सुबह से ही अखाड़ों के प्रतिनिधियों और मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। चुनाव के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मतदान स्थल पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की सतर्कता और चुनाव संचालन समिति की सक्रियता के कारण पूरे दिन चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस बार रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के लिए कुल छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें करण यादव उर्फ लड्डू यादव, मनीष गोप उर्फ चरका यादव, पुरुषोत्तम पाण्डेय, दीप प्रकाश नारायण, अजय दास और दीपक देवराज शामिल थे। सभी प्रत्याशियों ने अखाड़ों के प्रतिनिधियों से समर्थन प्राप्त करने के लिए अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क किया था।
चुनाव में कुल 233 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें विभिन्न अखाड़ों के अध्यक्ष, सचिव तथा महासमिति के पूर्व अध्यक्ष शामिल थे। मतदान प्रक्रिया मतपत्र के माध्यम से सुबह 8 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चली। पूरे समय मतदान स्थल पर शांति और अनुशासन का माहौल बना रहा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3:30 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव संचालन समिति की निगरानी में मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में करण यादव उर्फ लड्डू यादव को सर्वाधिक 97 मत प्राप्त हुए। वहीं मनीष यादव उर्फ चरका यादव को 60 मत, पुरुषोत्तम पाण्डेय को 35 मत, दीप प्रकाश नारायण को 29 मत, अजय दास को 10 मत तथा दीपक देवराज को 2 मत प्राप्त हुए।
इस प्रकार करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनीष यादव उर्फ चरका यादव को 37 मतों से पराजित करते हुए रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया और बधाई दी। विजय के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने सभी मतदाताओं और अखाड़ों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अखाड़ों के लोगों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर हजारीबाग आने वाले सभी अखाड़ों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि रामनवमी के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं और अखाड़ों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूरे शहर को रामनवमी के अवसर पर भगवामय बनाने का प्रयास किया जाएगा और इस पर्व को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
परिणाम घोषित होने के बाद करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने सभी प्रत्याशियों से मिलकर उनका अभिवादन किया। उन्होंने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और चुनाव को सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी का धन्यवाद दिया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक और विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए आगामी रामनवमी को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। इस चुनाव में प्रवेक्षक के रूप में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, वहीं चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चुनाव संचालन समिति के सदस्य निशांत प्रधान, लब्बू गुप्ता, रवि पाण्डेय और बप्पी करण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button