
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कैराना पुलिस ने गोवध की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में गौकशी की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जिंदा गौवंश, अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार जनपद में पशु तस्करी और गोवध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस लगातार संदिग्ध स्थानों पर नजर बनाए हुए है। शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बराला के जंगल में कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से मुस्तकीम पुत्र जुम्मा निवासी ग्राम बराला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, 315 बोर का अवैध तमंचा मय एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यशपाल सिंह सोम, हेड कांस्टेबल यतेंद्र भारद्वाज तथा कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।