गाजियाबाद

बारिश की संभावना के चलते दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदला

लोनी रोड पर फिर जलभराव की चिंता बढ़ी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से 17 मार्च के बीच उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हाल ही में पंजाब के कुछ जिलों में बारिश और ओले गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में रुक-रुक कर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार जताए गए हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम में फेरबदल देखने को मिल सकता है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है। हालांकि बारिश से कुछ इलाकों में लोगों की परेशानियां भी बढ़ सकती हैं।
खासतौर पर लोनी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही प्रभावित होती है। यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा में रहता है।
बारिश की संभावना को देखते हुए लोनी रोड से आने-जाने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि जलभराव की स्थिति बनने पर यातायात में बाधा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button