गाजियाबाद

सालहनगर में मेट्रो विस्तार के समर्थन में चला हस्ताक्षर अभियान

शिव विहार–मंडोला विहार पिंक लाइन विस्तार की मांग तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी मेट्रो विस्तार संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्राम सालहनगर नगर में दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन को शिव विहार से मंडोला विहार तक बढ़ाने की मांग को लेकर एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने अपनी एकजुट आवाज गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी), उत्तर प्रदेश सरकार और अन्य संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
समिति द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक स्थानीय वकीलों के कार्यालय में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लेकर हस्ताक्षर किए। अभियान में प्रमुख रूप से सुशील डेनियल एडवोकेट, मास्टर शंभू दयाल, सुंदरलाल पटवारी, ओंकार सिंह, विनोद कुमार एडवोकेट, अरुण कुमार एडवोकेट और राजेंद्र सेठ सहित ग्राम सालहनगर के कई सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
लोनी मेट्रो विस्तार संघर्ष समिति के अनुसार, प्रस्तावित लगभग 10 से 12.5 किलोमीटर के इस विस्तार से सालहनगर, मंडोला विहार, ट्रॉनिका सिटी, लोनी बॉर्डर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों तक तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और आसान होगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
समिति ने बताया कि जीडीए द्वारा गठित संयुक्त समिति के माध्यम से प्री-फिजिबिलिटी स्टडी और भौतिक सर्वे का कार्य पहले ही शुरू किया जा चुका है। जनवरी और फरवरी 2026 में हुई बैठकों और सर्वे को सकारात्मक पहल बताते हुए समिति ने मांग की है कि जल्द से जल्द डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान एकत्र किए गए दस्तावेज और ज्ञापन शीघ्र ही संबंधित विभागों और अधिकारियों को सौंपे जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button