जालौन
नव भारत साक्षरता परीक्षा में 1265 परीक्षार्थियों ने किया प्रतिभाग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। रविवार को जनपद जालौन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर नव भारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत साक्षरता परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कुल 1265 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। इस दौरान मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक संतोष कुमार देव पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश ने बताया कि नव भारत साक्षरता अभियान का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को साक्षर बनाना है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए थे। इस अभियान के माध्यम से उन्हें पढ़ना-लिखना और बुनियादी गणना कौशल सिखाया जा रहा है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। अभियान के अंतर्गत जनपद में निरंतर साक्षरता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को साक्षर बनाया जा सके।



