ललितपुर

राष्ट्रीय लोक अदालत में 33,039 मामलों का निस्तारण

12 करोड़ से अधिक की समझौता राशि तय

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
ललितपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। आयोजन की देखरेख नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज (प्रथम) यादवेन्द्र सिंह तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवप्रिय सारस्वत द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना नृत्य प्रस्तुत किया तथा एक मु_ी आसमान थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को जनपद न्यायाधीश द्वारा प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। लोक अदालत के दौरान जिला दिव्यांगजन अधिकारी की ओर से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर आदि उपकरण वितरित किए गए, वहीं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों और विभागों से संबंधित कुल 33,039 वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 12,03,18,633 रुपये की समझौता धनराशि निर्धारित की गई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी राकेश वर्मा ने मोटर दुर्घटना से जुड़े 24 मामलों का निस्तारण कर 39.30 लाख रुपये का प्रतिकर दिलाया। वहीं प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय नंदप्रताप ओझा ने पारिवारिक विवादों से जुड़े 49 मामलों का निस्तारण किया। स्थायी लोक अदालत की अध्यक्ष सरिता वाधवानी ने 4 मामलों का निपटारा किया, जबकि अपर जिला जज (प्रथम) यादवेन्द्र सिंह ने 75 मामलों का निस्तारण किया। अपर जिला जज (एससी/एसटी एक्ट) विकास कुमार तथा अपर जिला जज (डकैती) सुनील सिंह ने भी मामलों का निपटारा कर जुर्माना निर्धारित किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयंक जायसवाल ने 2478 मामलों का निस्तारण कर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा सिविल जज (सीडी-एफटीसी) अदिति जैन, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) आकृति, सिविल जज (जूनियर डिवीजन-एफटीसी) नवीन कुमार-2, एसीजेएम महरौनी नवीन कुमार-प्रथम, सिविल जज महरौनी अतुल तथा ग्राम न्यायालय तालबेहट के न्यायाधिकारी रंजीत ने भी कई मामलों का निस्तारण किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों के 713 मामलों का निस्तारण कर 11 करोड़ 28 लाख 19 हजार रुपये की समझौता राशि तय की गई। वहीं भारत संचार निगम लिमिटेड से जुड़े एक मामले का भी निपटारा हुआ। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ललितपुर और उनके अधीनस्थ विभागों द्वारा 28,958 मामलों का निस्तारण किया गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने भी 5 मामलों का निस्तारण कर 3,29,384 रुपये की समझौता राशि तय की। इस दौरान परिवार न्यायालय में 12 दंपतियों के वैवाहिक विवाद सुलह-समझौते से समाप्त कराए गए। सभी दंपतियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर नए सिरे से जीवन की शुरुआत की। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, बैंक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में वादकारी मौजूद रहे। वादकारियों ने अपने मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कर राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button