
मुख्य आरोपी के विरुद्ध पूर्व से कई गंभीर अपराध दर्ज, 10 से अधिक शिकायतें प्राप्त
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : आज थाना कोतवाली बालाघाट में वार्ड नं. 21 गोंदिया रोड निवासी रमन गौतम द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि उनके मकान स्थित गौतम कॉम्प्लेक्स में संचालित दो दुकानों के किरायेदार राजकुमार उर्फ राजा कुकरेजा (अंजली ट्रेवल्स) एवं धीरज जोतवानी (मॉम्स किचन) द्वारा एक राय होकर उनसे मकान एवं दुकानों को अपने नाम रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों द्वारा रजिस्ट्री नहीं करने की स्थिति में 50 लाख रुपये की अवैध मांग कर जबरन वसूली का प्रयास किया गया तथा रुपये नहीं देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के परीक्षण पर प्रथम दृष्टया अपराध पाया जाने से थाना कोतवाली बालाघाट में आरोपियों के विरुद्ध धारा 308(2), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजा कुकरेजा बालाघाट में अंजली ट्रेवल्स के नाम से ट्रेवल एजेंसी संचालित करता है तथा लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर कोरे स्टाम्प और चेक पर हस्ताक्षर करवा लेने, बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जमीन-मकान हड़पने, ब्लैकमेल करने तथा विवाद खड़ा करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में पूर्व से धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, दस्तावेजों में कूट रचना, मारपीट एवं बलात्कार जैसे गंभीर प्रकरण सहित कुल 05 अपराध पंजीबद्ध हैं।
वर्ष 2024-25 के दौरान उसके विरुद्ध 12 से अधिक शिकायतें विभिन्न पुलिस कार्यालयों में प्राप्त हुई हैं, जिनमें भूमि कब्जा, सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, चेक का दुरुपयोग, झूठे दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने जैसे आरोप शामिल हैं।



