
सुरक्षा व्यवस्था के बिना महिला केंद्र प्रभारी कर रही वितरण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। धान की फसल के लिए खाद की मांग बढ़ गई है। धम्मौर रोड स्थित कृषक सेवा केंद्र पर सैकड़ों किसान खाद लेने के
लिए सुबह से लाइन में खड़े रहे। कई किसान पिछले दो दिनों से खाद के लिए प्रयास कर रहे हैं। करीब 6 दिन बाद केंद्र को 600 बोरी खाद की आपूर्ति मिली है। खतौनी में दर्ज रकबे के अनुसार किसानों को खाद दी जा रही है। अधिक खाद की आवश्यकता वाले किसानों को एसडीएम या कृषि अधिकारी से अनुमति पत्र लाना होगा।
केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से वितरण में परेशानी हो रही है। एकमात्र महिला केंद्र प्रभारी सुभाषिनी श्रीवास्तव किसानों को समझा-बुझाकर खाद का वितरण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस को फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
किसानों और कर्मचारियों के बीच नोक-झोंक की स्थिति रह समय रहती है। केंद्र प्रभारी ने कहा कि बिना सुरक्षा व्यवस्था के काम करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल किसी तरह व्यवस्था संभालकर खाद का वितरण किया जा रहा है।

