असम के नगांव में ‘भूपेन हजारिका कलातीर्थ’ परियोजना का उद्घाटन।
वन मंत्री चंद्रमोहन पटोवारी ने किया शुभारंभ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के नगांव जिले के विकास में आज एक नया अध्याय जोड़ते हुए शहर के पानीगांव छयआली में नवनिर्मित ‘भूपेन हजारिका कलातीर्थ’ परियोजना का राज्य के वन मंत्री चंद्रमोहन पटोवारी ने वर्चुअल रूप से औपचारिक उद्घाटन किया। इस विशेष परियोजना में लगभग 800 लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल सभागृह के साथ ही 150 लोगों के लिए एक छोटा सभागृह बनाया गया है। इसके अलावा यहां एक समृद्ध संग्रहालय, आर्काइव, आर्ट गैलरी और प्रदर्शनी के लिए विशाल हॉल की सुविधा उपलब्ध है। केवल बौद्धिक या सांस्कृतिक चर्चा ही नहीं, मनोरंजन के लिए भी यहां एक सुंदर रेस्तरां, बाल उद्यान और स्वास्थ्य सचेत लोगों के लिए विशेष ‘वॉकिंग जोन’ जोड़ा गया है। इस कलातीर्थ में नाटक से लेकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अत्यंत सुचारू रूप से आयोजन किया जा सकेगा। आज के इस परियोजना उद्घाटन समारोह में नगांव बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा, जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा, प्रसिद्ध कलाकार कमल कटकी, नगांव नगर पालिका के उप-प्रमुख सीमांत बरा के साथ ही जिले के कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। इस आधुनिक परियोजना से जिले के सांस्कृतिक परिवेश को नई ऊंचाई मिलेगी, ऐसा विधायक ने आशा व्यक्त की।



