गाजियाबाद

लोनी में एलपीजी सिलेंडर को लेकर अफवाहों का असर

एजेंसियों पर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने कहा—आपूर्ति सामान्य

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। जनपद गाजियाबाद के अन्य शहरों की तरह लोनी क्षेत्र में भी रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर अचानक मारामारी का माहौल बन गया है। गैस की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने घरों की रसोई से लेकर होटलों की भट्टियों तक चिंता बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और बड़ी संख्या में लोग एक साथ सिलेंडर बुक कराने पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रशासन और तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों के अनुसार राज्य में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पहले की तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैली भ्रामक सूचनाओं के कारण उपभोक्ताओं में अनावश्यक घबराहट फैल गई है। इसी कारण बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ सिलेंडर बुक कराने शुरू कर दिए, जिससे मांग अचानक कई गुना बढ़ गई। विभाग के अनुसार बीते कुछ दिनों में गैस सिलेंडरों की बुकिंग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक दर्ज की गई है, जबकि वास्तविक खपत इससे काफी कम रहती है। प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जिला स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी भी की जा रही है ताकि कहीं भी कृत्रिम संकट या अव्यवस्था न फैल सके।
कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्ती
दूसरी ओर जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने लोनी तहसील क्षेत्र में व्यापक प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पूर्ति निरीक्षक और पूर्ति लिपिक की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 5 घरेलू गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, दो पाइप, दो भट्टियां, रेगुलेटर तथा गैस रिफिलिंग से संबंधित उपकरण जब्त किए हैं। पूर्ति निरीक्षक आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रमुख सचिव (खाद्य) के निर्देशानुसार क्षेत्र में गैस आपूर्ति की लगातार समीक्षा की जा रही है। यदि कहीं भी जमाखोरी, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
इधर उपभोक्ताओं की शिकायत है कि कई स्थानों पर बुकिंग कराने के बाद भी समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं सूत्रों के अनुसार कुछ गैस एजेंसी संचालकों और सप्लाई से जुड़े लोगों द्वारा स्थिति का फायदा उठाकर अतिरिक्त कमाई के रास्ते तलाशने की भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि ऐसी किसी भी अनियमितता की सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रह सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button