नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली : शामली गांव में दुकान बंद कराने के विवाद को लेकर एक दुकानदार पर हमला किया गया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव शामली शामला निवासी सर्जुन पुत्र प्रमोद गांव में इलेक्ट्रॉनिक और अंडे की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 11 मार्च की शाम करीब आठ बजे गांव का बिल्ला पुत्र विशम्बर शराब के नशे में उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने दुकान बंद करने की धमकी दी और कहा कि यदि दुकान बंद नहीं की गई तो गांव में जीना मुश्किल कर देगा।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अगले दिन इस मामले की जानकारी बिल्ला के बड़े भाई जल सिंह को दी गई, जिन्होंने उसे समझाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद, 12 मार्च की शाम करीब आठ बजे, लगभग 10 से 15 युवक धारदार हथियारों और देसी कट्टों के साथ सर्जुन की दुकान पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। इस हमले में सर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को आता देख आरोपी हथियार लहराते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने चार से पांच आरोपियों की पहचानआकाश उर्फ राजन पुत्र नरेंद्र, शेर सिंह पुत्र चंदर, आशु पुत्र बिन्दर उर्फ रविंद्र और अमित पुत्र आजाद निवासीगण ग्राम शामली शामला के रूप में की है।
आरोपी अपनी एक मोटरसाइकिल (नंबर UP19D 6189) दुकान के पास ही छोड़कर भागे थे। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 112 और चौसाना चौकी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और छोड़ी गई बाइक के बैग से धारदार हथियार और एक देसी तमंचा बरामद किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



