जालौन
दिनदहाड़े महिला से हुई लूट के बाद मौत मामले में थानाध्यक्ष, चैकी प्रभारी लाइन हाजिर
कुठौंद थानाध्यक्ष का गैर जनपद के बदमाशों के साथ होटल में जन्मदिवस पार्टी मनाते वीडियो हुआ था वायरल
जालौन कोतवाली के उप निरीक्षक जगदम्बा दुवे को बनाया थानाध्यक्ष
एसपी की कड़ी कार्यवाही के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। कुठौंद थाना क्षेत्र में शंकरपुर चैकी एरिया में एक महिला के साथ दिनदहाड़े हुई लूट के बाद महिला की मौत मामले को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लेते हुये तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष कुठौंद के साथ शंकरपुर पुलिस चैकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। जबकि नया थानाध्यक्ष उप निरीक्षक जगदम्बा दुवे को बनाया गया। हैरानी की बात तो यह है कि निवर्तमान थानाध्यक्ष कुठौंद का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह गैर जनपद के बदमाशों के साथ जन्मदिवस पार्टी नजर आये थे। फिलहाल एसपी की कार्यवाही के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च की दोपहर 1.30 बजे ग्राम मड़ैया निवासिनी रचना अपने परिजन के साथ अपने गांव जा रही थी तभी नैनापुर धराना के समीप भीमसेन बाबा मंदिर के समीप पहले से ही घात लगाये बैठे शातिर बदमाशों ने उनको रोककर महिला के साथ लूट की घटना को दिनदहाड़े अंजाम दिया था जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसकी बाद में मौत हो गयी थी। दिनदहाड़े हुये लूट की घटना को लेकर न तो थानाध्यक्ष कुठौंद अजय पाठक ने गंभीरता दिखायी और न ही चैकी प्रभारी शंकरपुर कुलवंत ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की खोजबीन में कोई दिलचस्पी नहीं दिखायी। इसी मामले को लेकर रविवार को पुलिस अधीक्षक डा. दुर्गेश कुमार ने कड़ी कार्यवाही करते हुये कुठौंद थानाध्यक्ष अजय पाठक व चैकी प्रभारी शंकरपुर कुलवंत सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का फरमान सुना दिया। बताया जाता है कि एसपी ने जालौन कोतवाली में तैनात उप निरीक्षण जगदम्बा दुवे को कुठौंद थानाध्यक्ष बनाया है। पुलिस अधीक्षक की कार्यवाही के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। गौरतलब हो कि कुछ दिन पूर्व गैर जनपद के अपराधियों के साथ होटल में जन्मदिन पार्टी मनाते हुए कुठौंद थाना प्रभारी की तस्वीरें आईं थी सामने आयी थी उक्त विषय भी एसपी के संज्ञान में था।



