
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : के महिला कॉलेज परिसर में रविवार को आपसी भाईचारे और इंसानियत की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। यहां राहे दिन फाउंडेशन की ओर से भव्य सामूहिक इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोज़ेदारों ने शामिल होकर एक साथ इफ्तार किया और देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी। इस मौके पर गोड्डा के अनुमंडल पदाधिकारी बैधनाथ उरांव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रोज़ेदारों के साथ बैठकर इफ्तार किया और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना लोगों को संयम, सेवा और इंसानियत का संदेश देता है। इफ्तार पार्टी में जिले के विभिन्न इलाकों से आए हजारों रोज़ेदारों ने शिरकत की। जैसे ही अज़ान की आवाज़ गूंजी, सभी रोज़ेदारों ने खजूर और पानी के साथ रोज़ा खोला। इस दौरान पूरा माहौल दुआओं और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। राहे दिन फाउंडेशन के प्रतिनिधि कामरान अशरफी ने बताया कि रमजान का महीना सब्र, इबादत और इंसानियत का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि इस सामूहिक इफ्तार का उद्देश्य समाज में मोहब्बत, भाईचारा और एकता का संदेश फैलाना है, ताकि सभी लोग मिलजुलकर शांति और सद्भाव के साथ जीवन व्यतीत कर सकें। इस सामूहिक इफ्तार आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गोड्डा की धरती पर इंसानियत और आपसी भाईचारा ही सबसे बड़ी पहचान है।



