ललितपुर
जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर न दें ध्यान : जिलाधिकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
ललितपुर। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों- पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने शनिवार को अधिकारियों और गैस एजेंसी डीलरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि जनपद में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं, ताकि अनावश्यक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि गैस बुकिंग और होम डिलीवरी की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें। जिन उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें सिलेंडर की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाए और उपभोक्ताओं को गोदामों पर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और खाद्य रसद विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करें। यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध रिफिलिंग, उपभोक्ताओं से अधिक मूल्य वसूली या घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने डीलरों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन गैस सिलेंडर रिफिल बुकिंग के बाद पहले बुक कराओ, पहले पाओ के सिद्धांत का पालन किया जाए। सिलेंडर वितरण ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा और बुकिंग के बाद हॉकर द्वारा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि डिलीवरी मैन अपने वाहन में जितने सिलेंडर लेकर जाएं, उनकी बुकिंग पर्चियां साथ रखें। यदि सिलेंडर उपभोक्ता को दिया गया है तो उसकी प्राप्ति पर्ची भी उपलब्ध करानी होगी। डिलीवरी मैन अपने वाहन में वजन मापने का यंत्र भी साथ रखें और उपभोक्ताओं को तौलकर पूरी मात्रा में गैस उपलब्ध कराएं। सिलेंडर देने के समय उपभोक्ताओं को मूल्य अंकित पर्ची देना भी अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि एजेंसी डीलर अपने शोरूम पर उपलब्ध स्टॉक की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शोरूम पर हेल्पडेस्क स्थापित करें तथा शोरूम और गोदाम परिसर में निर्धारित दूरी पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। बैठक में एसपी मो.मुश्ताक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र मिश्र, विभिन्न कंपनियों के एलपीजी सेल्स ऑफिसर तथा जनपद की सभी गैस एजेंसियों के डीलर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
