गोड्डा
द्वारीचक–पकड़िया मोड़ सड़क निर्माण में देरी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
प्लांट की गाड़ियों को रोका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : प्रखंड क्षेत्र में द्वारीचक से पकड़िया मोड़ तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने रविवार सुबह जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करा रही कंपनी ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर, खिदिरपुर (मुर्शिदाबाद) के प्लांट पहुंचकर वहां से निकलने वाली गाड़ियों का आवागमन रोक दिया। बताया जाता है कि घाट कुराबा, पंजरहार, उदयपुरा, चौरा सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण सुबह प्लांट परिसर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि द्वारीचक से पकड़िया मोड़ तक सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार निर्माण कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर कार्य जल्द पूरा करने की मांग की गई और प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। जदयू जिला अध्यक्ष चंद्रधर सिंह ‘चुन्नू’ ने बताया कि क्षेत्र में काली पूजा को लेकर जल्द ही कलश यात्रा का आयोजन होना है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु नंगे पैर सुंदर नदी तक जाती हैं। सड़क अधूरी रहने के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े नुकीले पत्थर निकल आए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को चलने में परेशानी होगी। साथ ही धूल उड़ने से भी ग्रामीणों को काफी दिक्कत हो रही है। इधर मुखिया मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य 30 सितंबर 2023 को शुरू हुआ था और इसे पूरा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2025 निर्धारित की गई थी। इसके बावजूद अब तक कार्य अधूरा है, जो संवेदक की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई जाती, तब तक प्लांट से निकलने वाली सभी गाड़ियों को रोका जाएगा।जानकारी के अनुसार यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 11 किलोमीटर लंबाई में बनाई जा रही है, जिसकी प्राक्कलित लागत लगभग 8.85 करोड़ रुपये है। काफी देर तक चले विरोध के बाद कंपनी के प्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में कंपनी प्रतिनिधि ने 31 मार्च तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने तक सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। इस दौरान ग्रामीण प्रवीण कुमार, वीरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, रविकांत कुमार, टुनटुन, राजेश, जितेंद्र कुमार भगत, वैभव, पीयूष, धर्मेंद्र यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।




