गाजियाबाद

लोनी में बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या

आरोपी सिक्योरिटी गार्ड मोटरसाइकिल पर फरार 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की लालबाग पुलिस चौकी इलाके में स्थित बलराम नगर कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पंजाब एंड सिंध बैंक बलराम शाखा  में आपसी विवाद के चलते सिक्योरिटी गार्ड ने बैंक मैनेजर के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के  अनुसार, बैंक का सिक्योरिटी गार्ड रविन्द्र पिछले कई दिनों से बैंक से अनुपस्थित चल रहा था। सोमवार को बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा ने उसे फोन कर बैंक में बुलाया। बैंक पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आए रविन्द्र ने अपनी दोनाली बंदूक डबल बैरल से बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा के सीने पर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक स्टाफ और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी सिक्योरिटी गार्ड बैंक से बाहर निकला और कुछ दूरी पर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल के पास पहुंचा, जहां उसका एक साथी पहले से मौजूद था। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक के उच्च अधिकारियों और पुलिस को दी गई। घायल बैंक मैनेजर को उपचार के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर ग्रामीण गाजियाबाद सुरेन्द्र नाथ तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त लोनी ज्ञानेश्वर राय, लालबाग चौकी पुलिस तथा स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस जांच में गोली चलाने वाले सिक्योरिटी गार्ड की पहचान रविन्द्र पुत्र नारायण निवासी मंसूरपुर, थाना चांदी नगर, जनपद बागपत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं और मामले की जांच जारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button