झारखंड विधानसभा परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया शुभारम्भ
Chief Minister Hemant Soren inaugurated a voluntary blood donation camp at the Jharkhand Assembly premises.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड: झारखंड विधानसभा परिसर स्थित विधानसभा औषधालय में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रक्तदान को एक महान मानवीय कार्य बताते हुए कहा कि यह ऐसा पुनीत कार्य है जिससे कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि यह न केवल मानवता की सेवा है बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा के सभी सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही समाज के सभी वर्गों से रक्तदान के महत्व को समझने और इसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, राज्य के मंत्रीगण, विधायकगण तथा विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक रक्तदान शिविर में भाग लिया और इस मानवीय पहल का समर्थन किया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है।

