गोड्डा

गोड्डा में जिला स्तरीय पशु मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन

पशुपालकों के बीच परिसंपत्तियों का हुआ वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला गव्य कार्यालय परिसर, गोड्डा में सोमवार को जिला स्तरीय पशु मेला-सह-प्रदर्शनी एवं परिसंपत्ति वितरण समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देना, बेहतर नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देना और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण करना था। मौके पर पशुपालन विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन-पोषण, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण, संतुलित आहार और डेयरी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पशु चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने की सलाह दी, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ सके। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि इसे आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए तो यह किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का सशक्त साधन बन सकता है। उन्होंने पशुपालकों से विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच पशुपालन से जुड़े उपकरण और सामग्री का वितरण किया गया, ताकि वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें। वहीं पशु प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए पशुपालकों ने उन्नत नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट पशुओं का चयन कर पशुपालकों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. रवि शंकर, जिला गव्य विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रखंडों के पशुपालक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button