झारखण्ड में पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने की पहल, कई जिलों को मिले आधुनिक वाहन
Initiative to strengthen police system in Jharkhand, many districts get modern vehicles

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड सरकार ने राज्य में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, स्वच्छ तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में पुलिस विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस कुल 1485 वाहनों की सौगात दी गई है। इन वाहनों का उपयोग राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया जायेगा। इसी पहल के तहत पाकुड़ जिला पुलिस प्रशासन को भी नए वाहन उपलब्ध कराए गये हैं। जिले को 11 बोलेरो वाहन तथा 18 अपाचे बाइक दी गई हैं, जिनका उपयोग गश्ती, त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण में किया जायेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इन आधुनिक वाहनों के उपलब्ध होने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी तथा अपराध नियंत्रण में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। झारखंड सरकार की यह पहल राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। हालांकि, जानकारों का मानना है कि पुलिस विभाग में मानव संसाधन (मैनपावर) की कमी को दूर करना भी उतना ही जरूरी है। यदि सरकार इस दिशा में भी ठोस कदम उठाती है, तो झारखंड पुलिस सरकार के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप और भी बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक संसाधनों के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता से राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम जनता में विश्वास बढ़ेगा। वही आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के मद्देनजर रविवार को अत्याधुनिक सुविधाओं लैस वाहनों के जरिए पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में रोड शो/एरिया डोमिनेशन किया गया।



