ललितपुर

पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निवारण टीम की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जनपद के तालबेहट तहसील परिसर में सोमवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने लेखपाल के साथ उसके एक सहयोगी को भी पकड़ा है। जानकारी के अनुसार तालबेहट क्षेत्र के ग्राम बिजरौठा निवासी जगन्नाथ साहू अपनी जमीन को आवासीय/व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तन कराने के लिए धारा 80(1) की रिपोर्ट लगवाना चाहते थे। आरोप है कि इसके लिए राजस्व लेखपाल दीपेश कुमार सिंह द्वारा उनसे 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीडि़त ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) झांसी से की। शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। सोमवार दोपहर करीब 12.20 बजे तहसील परिसर स्थित सरकारी आवास के बाहर जैसे ही लेखपाल ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए, तभी पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान लेखपाल के साथ मौजूद उसके सहयोगी सत्यम साहू को भी टीम ने हिरासत में ले लिया। दोनों को पकडऩे के बाद टीम ने उन्हें तालबेहट थाने ले जाकर पूछताछ की। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम की तहरीर पर थाना तालबेहट में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही थी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button