ललितपुर
मां विंध्यवासिनी महारानी की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बैठक
19 से 28 मार्च तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। शहर के नदीपुरा स्थित श्रीश्री 1008 श्री रामजानकी व श्रीसंकट मोचन धाम में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रीश्री 1008 श्री माँ विंध्यवासिनी महारानी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की रूपरेखा तय की गई। बैठक में मंदिर समिति और श्रद्धालुओं को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी आमजन से समारोह में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि श्री संकट मोचन मंदिर, नदीपुरा में माँ विंध्यवासिनी महारानी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक अनुष्ठान 19 मार्च से 28 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न वैदिक एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पुजारी जी ने बताया कि 19 मार्च को जल यात्रा (कलश यात्रा), श्रीगणेश पूजन, पीठ निर्माण एवं दुर्गा पाठ के साथ अनुष्ठान की शुरुआत होगी। 20 मार्च को पीठ पूजन, प्रायश्चित स्नान एवं जलाधिवास तथा 21 मार्च को अन्नाधिवास, घृताधिवास और गंधाधिवास का कार्यक्रम होगा। इसी क्रम में 22 मार्च को धूपाधिवास, वस्त्राधिवास, पुष्पाधिवास, औषधिवास और मिष्ठानाधिवास जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 25 मार्च को देव स्नान, सहस्त्रधारा स्नान, रथ यात्रा और नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। वहीं 26 मार्च को मूर्ति न्यास एवं माँ विंध्यवासिनी महारानी की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान होगा। 27 मार्च को हवन-पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि 28 मार्च को श्री सत्यनारायण कथा और भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस धार्मिक आयोजन में तुवन मंदिर के महंत श्रीरामलाखन दासजी महाराज, श्री नृसिंह मंदिर महंत श्रीगंगादासजी महाराज, श्रीचंडी माता मंदिर के महंत स्वामीश्री चन्द्रेश्वर गिरिजी महाराज तथा श्रीहनुमान धारा मंदिर महंत श्रीराधा मोहनजी महाराज सहित कई संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम के प्रतिष्ठाचार्य पं. कृष्णकांत शास्त्री होंगे। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन आयोजन में शामिल हों और धर्म लाभ प्राप्त करें।