कैलाश नगर में जलजमाव से लोग परेशान, निरीक्षण करने पहुंचे नगर परिषद के जनप्रतिनिधि
People are troubled by waterlogging in Kailash Nagar, city council representatives arrived to inspect.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के कैलाश नगर में जलजमाव की समस्या को लेकर सोमवार को नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा और वार्ड पार्षद निभा देवी ने क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हल्की बारिश में भी सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है और कई बार पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के निचले हिस्से में होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या हर वर्ष बरसात के मौसम में गंभीर रूप ले लेती है। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए बोर्ड बैठक में चर्चा की जाएगी और विशेषज्ञों से सलाह लेकर योजना बनाई जाएगी। साथ ही तत्काल राहत के लिए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वार्ड पार्षद निभा देवी ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि जल्द ही इस समस्या से राहत मिलेगी।



