
लखनऊ । यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में उठे प्रश्न विवाद में सीएम योगी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ, संप्रदाय की मयार्दा पर टिप्पणी न करें। आदतन अपराधी व्यक्ति को प्रतिबंधित करें। उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा में पूछे गए विवादित प्रश्न के प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ, संप्रदाय की मयार्दा एवं आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। यह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को इसका संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को इस बाबत विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देने को कहा। साथ ही आदतन ऐसी हरकतें करने वालों को तत्काल प्रतिबंधित करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि सभी पेपर सेंटर्स के साथ परीक्षा से संबंधित एमओयू करने के दौरान इस बाबत शर्त भी जोड़ी जाए। बता दें कि इस प्रकरण के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराने के साथ जांच कराने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
नुकसान का आकलन करें डीएम-वहीं दूसरी ओर सीएम ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई वर्षा से फसलों को होने वाले नुकसान संबंधी जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित जिलों के डीएम समेत अधिकारियों को फील्ड में रहकर किसानों से संवाद करने और उनकी फसलों के नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत आयुक्त फील्ड के अधिकारियों से सीधा समन्वय रखें। ?फसलों को हुई क्षति का आकलन करके समय पर मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।



