
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। कसमार प्रखंड के खैराचातर में भूतपूर्व सरपंच स्वर्गीय सुरेश जायसवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय प्रहरी मेला के छठे दिन रविवार की रात संथाली सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केदला के सरना म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने टीम लीडर राजेश कुमार मुर्मू के नेतृत्व में पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा.
सांस्कृतिक दल की कलाकार हेमंती कुमारी, रूपचंद मुर्मू, सुष्मिता कुमारी, सुनीता टुडू, सोनिया किस्कू, उर्मिला देवी, सोमी कुमारी मुर्मू, सुनीता मुर्मू, आंचल कुमारी, प्रभा कुमारी, सामंती कुमारी, रथू किस्कू और रंजीत हेंब्रम आदि ने झारखंडी संस्कृति से जुड़े गीतों पर एकल एवं समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया. उनकी प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे.
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि देव ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, ओरमो के निदेशक डॉ अशोक कुमार देव ने फीता काटकर किया. इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय सुरेश जायसवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. अपने संबोधन में डॉ देव ने स्वर्गीय जायसवाल के सामाजिक योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को समाज द्वारा उसके निधन के बाद भी सम्मानपूर्वक याद किया जाना तभी संभव है, जब वह अपने जीवन में समाज और देश के हित में उल्लेखनीय कार्य करे. उन्होंने कहा कि प्रहरी मेला सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है.
मौके पर बगदा पंचायत के पूर्व मुखिया विष्णुचरण महतो, इलेक्शर पब्लिक स्कूल, ओरमो के प्रबंधक संतोष कुमार, बरईकला पंचायत समिति प्रतिनिधि मनोज करमाली, मेला कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम महतो, व्यवस्थापक रामसेवक जायसवाल व दीपक सवाल, कोषाध्यक्ष पंकज जायसवाल, संयोजक किशोर कांत, रमेश चंचल, विष्णु जायसवाल, राहुल महतो, यूनुस अंसारी, रोमेल अंसारी, प्रेमचंद महतो, अंकुश जायसवाल, विनीत जायसवाल, अभिषेक जायसवाल आदि मौजूद थे. संचालन पंकज जायसवाल ने किया.




