कैराना
बीच-बचाव करने पहुंची महिला को लात-घूंसों से पीटा, कपड़े फाडे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। बच्चों के आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ मारपीट किए जाने और उसके कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे उसका नाबालिग बेटा सुबहान गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर गांव के सालिम पुत्र बाबू और अरशद पुत्र हाशिम मौके पर पहुंच गए और उसके आठ वर्षीय बेटे के साथ मारपीट करने लगे। महिला का आरोप है कि जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सालिम ने चप्पल से उसके सिर पर वार किया और दोनों ने उसे पकड़कर घसीट दिया, जिससे उसके कपड़े फट गए। पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिस के सामने भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

