मथुरा
वृंदावन में 850 सफ़ाई सफाईकर्मी फिर भी चरमराई सफाई व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में भले ही वर्ष के पहले दिन से सफाई कर्मियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की संख्या बढ़ गई, लेकिन नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। लंबे समय से नाले नालियों की सफाई न होने से बाजारों और मार्गों पर जलभराव हो रहा है। श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। सफाई अव्यवस्था को लेकर जन शिकायत भी कारगर नहीं हो रही हैं। इसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। नगर की विश्व स्तरीय सफाई व्यवस्था करने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक जनवरी से 600 कर्मचारी और बढ़ाने के बाद 850 कर्मचारी सफाई कार्य में लगाए गए। इसके बावजूद नगर के वार्डाें में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मार्गों पर न ही नियमित सफाई हो रही पा रही है ना ही लंबे समय से नाले -नालियों की सफाई हो पा रही है। यही कारण है कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में नालियों का दूषित पानी सड़कों पर भर रहा है। श्रद्धालु दूषित पानी में होकर निकलने को मजबूर है। पार्षद शशांक शर्मा ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों से कई बार इस समस्या के निदान के लिए कहा गया है, लेकिन निगम द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। यही हाल गौरा नगर स्थित मुख्य मार्ग का है जहां कचरे के ढ़ेर लगे हैं और सीवर के मेनहोल उफन रहे हैं।



