कैराना
बेटियों की सेहत की दिशा में बड़ा कदम
एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, अभिभावकों से आगे आने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर मंगलवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौहान ने फीता काटकर किया। इस मौके पर अनिल चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं प्रभावित होती हैं, जबकि समय रहते टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं और इस अभियान को सफल बनाएं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर यह टीकाकरण प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा, जिसमें पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि बालिकाओं के बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं, ब्लॉक प्रोग्राम प्रबंधक अतुल गर्ग ने टीकाकरण की प्रक्रिया और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर आरिश खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे और उन्होंने लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और बालिकाओं में टीकाकरण को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।
