हजारीबाग
रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी।
शांति एवं विधि-व्यवस्था हेतु दंडाधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति।

रामनवमी (मंगला जुलूस) को लेकर जिला प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ ईद,सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है, विभिन्न समितियों के साथ कई चरणों में बैठके आयोजित की गई है।
पर्व त्योहारों के अवसर पर विधि-व्यवस्था, शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डो सहित कटकमदाग, मुफ्फसिल एवं पेलावल ओपी अंतर्गत विभिन्न गांवों/क्षेत्रों में जिला एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने संबद्ध क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अखाड़ा के अध्यक्ष/सचिव, शांति समिति के सदस्यों एवं सदभावना विकास मंच के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
प्रशासन द्वारा जुलूस मार्गों की स्थिति, उनकी सुगमता एवं सुरक्षा का भी विशेष रूप से आकलन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा तथा विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत तारों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे। शांति समिति की बैठकों की स्थिति एवं उनकी सक्रियता की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि सामाजिक सौहार्द एवं आपसी समन्वय को सुदृढ़ बनाया जा सके। रामनवमी एवं मंगला जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। वंही आगामी रामनवमी एवं मंगला जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के द्वारा जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में जिला प्रशासन ने सीसीआर से पेट्रोलिंग की शुरुआत की, जो पुलिस लाइन, पगमिल, सलगांवा, सुल्ताना, कटकमदाग, खिरगांव, झंडा चौक, बड़ा बाजार, हुरहुरु, कॉलेज मोड, हरनगंज, मुफ्फसिल, कोर्रा, मटवारी, सहित विभिन्न जुलूस मार्गों का पेट्रोलिंग कर निरीक्षण किया। साथ ही प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का प्रदर्शन करते हुए झंडा चौक से होते हुए मालवीय मार्ग तक फ्लैग मार्च किया गया। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें। फ्लैग मार्च एवं पेट्रोलिंग के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, सहायक समाहर्ता आनंद शर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देवप्रिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव, जिला परिवहन पदाधिकारी वैधनाथ कामती, डीपीआरओ रोहित कुमार, एनडीसी प्रदीप कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।




