गाजियाबाद

लोनी में 19 मार्च से चैत्र नवरात्र

पालकी पर आगमन; मंदिरों में सजावट और तैयारियां तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। इस बार चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक मनाए जाएंगे। इस वर्ष मां दुर्गा का आगमन पालकी पर माना जा रहा है, जो शुभ संकेत है। नवरात्र के साथ ही हिंदू नवसंवत 2083 का भी शुभारंभ होगा, जिसे ‘रौद्र’ नाम से जाना जाएगा।
नवरात्र को लेकर लोनी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। गुलाब वाटिका, जवाहर नगर, इंद्रापुरी, दो नंबर अंकुर विहार, खन्ना नगर, बलराम नगर, रामेश्वर पार्क सहित विभिन्न कॉलोनियों के मंदिरों में साफ-सफाई और आकर्षक सजावट का कार्य शुरू हो गया है। श्रद्धालु मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 7:00 बजे से 7:56 बजे तक (शुभ चौघड़िया) और सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक (चर चौघड़िया) रहेगा। वहीं, प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 6 बजकर 52 मिनट से प्रारंभ होगी, जिसके बाद घट स्थापना करना शुभ माना गया है।
वास्तु के अनुसार ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में कलश स्थापना करना उत्तम रहता है। नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिरों में भजन-कीर्तन, जागरण और विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से सृष्टि की रचना मानी जाती है, इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है। इस बार अधिक मास के कारण नवसंवत 13 महीनों का होगा, जिसके चलते मांगलिक कार्यों पर भी विशेष विचार किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button