बरेली

बरेली में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू 

74 किशोरियों ने  लगवाया टीका   

  नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला महिला चिकित्सालय में किया गया। अभियान का उद्घाटन वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के प्रतिनिधि अनिल कुमार सक्सेना द्वारा किया गया। जनपद में पहला एचपीवी टीका सीबीगंज स्थित लेबर कॉलोनी निवासी ईशिता को लगाया गया।
श्री सक्सेना ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण महिला स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अभियान का औपचारिक शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया था, जबकि जनपद बरेली में यह 17 मार्च से शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन प्रदेश में सर्वाधिक 74 किशोरियों ने बरेली जनपद में एचपीवी टीकाकरण करवाया। बुधवार से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर भी टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने जानकारी दी कि प्रारंभिक तीन माह तक यह अभियान सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है तथा इसके लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। अभिभावक यू-विन पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण कर डिजिटल सहमति दे सकते हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, नोडल अधिकारी (अर्बन) डॉ. अजमेर सिंह के साथ-साथ डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, एड्रा, जेएसआई, गावी एवं यूएनडीपी के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button