गोड्डा
डायन बिसाही के शक में ट्रिपल मर्डर
पोड़ैयाहाट के देवडांढ में कुल्हाड़ी से तीन की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट : झारखंड के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत देवडांढ के बिशु टोला डांगा गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां डायन बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में पिता, माता और एक नाबालिग पुत्र शामिल हैं। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह स्थानीय चौकीदार के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही देवडांढ थाना सहित तीन थानों की पुलिस टीम और एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान दरबारी मुर्मू (45), मक्कू बास्की (40) और जीतराम मुर्मू (13) के रूप में हुई है। मृतक की बड़ी बेटी सुनीता मुर्मू ने बताया कि गांव के ही तालाबाबु मुर्मू, संतोष मुर्मू और हेमलाल मुर्मू अक्सर उनके माता-पिता को डायन बताकर मारपीट और गाली-गलौज करते थे। बीमारियों का ठीकरा भी उन्हीं पर फोड़ा जाता था। सुनीता ने आरोप लगाया कि उक्त तीनों ने ही उनके माता-पिता और छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के वक्त वह अपने ससुराल में थी, जिससे उसकी जान बच गई। उसने रोते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। गांव में दहशत का माहौल बिशु टोला डांगा एक आदिवासी बहुल गांव है, जहां लगभग 100 घर और 500 की आबादी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं।आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा घटना की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस का बयान: एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला डायन बिसाही से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, पुलिस ने पंचनामा कर तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




