5 लाख रुपये की मांग और मानसिक प्रताडऩा का आरोप
मृतक ने मरने से पहले बनाया वीडियो
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां दहेज उत्पीडऩ से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मादौन निवासी रामदीन अहिरवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र रामप्रसाद की शादी वर्ष 2019 में सागर (मध्य प्रदेश) निवासी भारती के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी भारती, ससुर मदन, सास क्रांति तथा साले कमलेश और निलेश द्वारा रामप्रसाद को लगातार मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। पीडित परिवार के अनुसार, आरोपियों द्वारा 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और रकम न देने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर रामप्रसाद ने 25 फरवरी 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि आत्महत्या से पहले मृतक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने अपनी पीड़ा और ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीडऩ का जिक्र किया है। यह वीडियो परिजनों के पास सुरक्षित है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 108 और 308(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही मामला क्षेत्राधिकार के आधार पर मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथोन थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।