हजारीबाग
आकाशीय बिजली गिरने से 36 वर्षीय युवक की मौत,क्षेत्र में शोक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हज़ारीबाग़ चुरचू प्रखंड के निमाडी गांव में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय राम अवतार सिंह की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक राम अवतार सिंह,पिता वासुदेव सिंह के पुत्र थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम लगभग 7:30 बजे मौसम अचानक बदल गया था और आसमान में घने बादल छा गए थे। उसी समय राम अवतार सिंह अपने ईंट भट्ठे पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे भट्ठे पर बन रही ईंटों को बारिश से बचाने के लिए ढकने गए थे। काम पूरा करने के बाद वे मोबाइल फोन की रोशनी में घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इससे पहले कि राम अवतार सिंह कुछ समझ पाते, उनके पास ही तेज बिजली गिर गई। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनका मोबाइल फोन भी फट गया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि राम अवतार सिंह मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे, जो अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए लगातार मेहनत करते थे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए। साथ ही, मौसम विभाग द्वारा समय पर चेतावनी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सके। यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर काम करना कितना खतरनाक हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहना और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलना ही सबसे बेहतर बचाव है।



