
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मंत्री की अनुपस्थिति में रजनीश यादव हुए शामिल
हजारों महिलाओं की सहभागिता से भक्तिमय हुआ माहौल
पथरगामा : चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर पथरगामा क्षेत्र बुधवार को पूरी तरह भक्ति और आस्था में डूबा नजर आया। चिहारी पीठ में 1501 कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा ने पूरे इलाके को धार्मिक रंग में रंग दिया। हजारों महिलाओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आयोजन बेहद भव्य और ऐतिहासिक बन गया। कार्यक्रम में झारखंड के श्रम एवं नियोजन मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में उनके पुत्र सह राजद नेता रजनीश यादव ने शिरकत कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।पंडित पवन जी महाराज के सान्निध्य में सुंदर नदी तट पर यजमान शैलेश तिवारी की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में घोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं आदिवासी नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। यह भव्य यात्रा सुंदर नदी से प्रारंभ होकर तेलनी मोड़, कसियातरी, कलाली मोड़, पथरगामा मुख्य चौक, तुलसीकित्ता और केशोटिकर होते हुए पुनः चिहारी पीठ पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह समाजसेवियों व युवाओं द्वारा शरबत, फल और फ्रूटी का वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट किया गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। समिति अध्यक्ष संतोष कुमार महतो ने रजनीश यादव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। रजनीश यादव काफी देर तक यात्रा में शामिल रहकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते रहे। उन्होंने कहा कि चिहारी पीठ से उनका गहरा आध्यात्मिक लगाव है और मां दुर्गा की कृपा उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करती है। चिहारी पीठ दुर्गा मंदिर पहुंचने के बाद शोभायात्रा का समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। “जय मां दुर्गा” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। तेज धूप और उमस के बावजूद महिलाओं और बच्चियों में उत्साह चरम पर रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी छोटी-छोटी कन्याएं शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बनी रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति अध्यक्ष संतोष कुमार महतो ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व जिप सदस्य फूलकुमारी, महासचिव विकास कुमार यादव, सचिव श्याम लाल यादव, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश, उप कोषाध्यक्ष अरविंद यादव, उपसचिव आनंद बिहारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




