बेतुल
बैतूल योग, ध्यान और सुदर्शन क्रिया से स्वयंसेवकों को किया प्रशिक्षित
सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन, ग्रामीणों को जागरूक कर लौटे स्वयंसेवक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शासकीय महाविद्यालय भीमपुर की प्राचार्या डॉ. बबीता राय के संरक्षण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के परिपालन में राष्ट्रीय सेवा योजना संयुक्त इकाई द्वारा ग्राम चिखली, विकासखंड भीमपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण और कृतसंकल्प वातावरण में हुआ। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी, जागरण, प्राणायाम, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता, जीवनशैली सुधार, यातायात जागरूकता और जनसंपर्क के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं जानीं तथा महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य, बच्चों को शिक्षा और संस्कार तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
परियोजना कार्य के तहत डिजिटल उपकरणों के समाज पर प्रभाव और उसके समाधान तथा मेरा युवा भारत विषय पर गतिविधियां आयोजित की गईं। बौद्धिक सत्र में प्राचार्य लक्ष्मीकांत पाटिल, डॉ. रुचि नंदनवार, प्राचार्या डॉ. बबीता राय, सुश्री निहारिका गोहर और पर्यावरणविद देवेन्द्र दंवडे ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवक मनीता और रोशनी नागले द्वारा लक्ष्य गीत से की गई। डॉ. रुचि नंदनवार ने अनुशासन, करियर मार्गदर्शन और मोबाइल के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
डॉ. बबीता राय ने शिविर की गतिविधियों और परियोजना कार्यों का अवलोकन किया, वहीं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संदीप राने ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर स्वयंसेवकों को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने, अनुशासन और संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अभिनीत सरसोदे ने योग, ध्यान और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया। शिविर में मोहनवती मोंगरे, प्रो. घनश्याम परमार, अंकित कहार, गोविंद गुजरे, अंकित चौरे और शिविर संयोजक डॉ. रविकांत पाटिल के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, कविता, नृत्य और माइम का मंचन भी किया गया।



