अतिक्रमण हटाने की मांग की

भरतपुर। तहसील भुसावर के ग्राम नीमली में खसरा नंबर 398 और 399 की जमीन पर हो रहे कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जिसके लिए ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है। जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 398 (0.2000 हेक्टेयर) और 399 (0.3700 हेक्टेयर) की भूमि गांव नीमली में स्थित है, जहां पर हनुमान मंदिर एवं प्राचीन ठाकुर जी का मंदिर बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा इन खसरों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपित लोग जमीन पर लकड़ी, पत्थर और अन्य निर्माण सामग्री डालकर पक्के निर्माण का प्रयास कर रहे हैं। इससे गांव की सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि प्रभावित हो सकती है, साथ ही मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। जब ग्रामीण अतिक्रमण का विरोध करते हैं तो अतिक्रमणकारी झगड़े पर उतारू हो जाते हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर विवाद की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

