
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हनवारा थाना पुलिस को बुधवार एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब और उसे बनाने वाली सामग्री ज़ब्त की है। उत्पाद अधीक्षक निलेश सिन्हा ने बताया कि हनवारा थाना पुलिस को क्षेत्र के पासी टोला में बड़े पैमाने पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उक्त स्थल पर अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तैयार महुआ शराब लगभग 100 लीटर तथा जावा महुआ लगभग 800 किलोग्राम बरामद किया। जिसे मौके पर नष्ट किया गया।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने मौके से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों विभीषण पासी व दिलीप चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, छापेमारी के दौरान पुलिस को देख भागने में सफल रहे अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उनके विरुद्ध फरार अभियुक्त पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।




