गोड्डा
गोड्डा के गांधी मैदान में पीएम श्री स्कूलों का एफ.एल.एन. मेला, शिक्षा व संस्कृति का भव्य संगम
छात्रों के नवाचार मॉडल और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, अधिकारियों ने की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बुधवार को पीएम श्री स्कूलों के तत्वावधान में एफ.एल.एन. मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मेले में छात्रों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें विज्ञान मॉडल, शैक्षणिक परियोजनाएं, कला एवं शिल्प और डिजिटल लर्निंग सामग्री का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू एवं जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जहां नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को समग्र एवं कौशल आधारित शिक्षा दी जा रही है। मेले में प्रस्तुत छात्रों के मॉडल और परियोजनाएं उनके ज्ञान, रचनात्मकता और तकनीकी समझ का परिचायक रहीं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि विद्यार्थी नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। छात्रों ने समूह नृत्य, लोक नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक ने पूरे आयोजन को और भी खास बना दिया। इस आयोजन में जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षाविद्, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।




