ललितपुर

गैस सिलेंडर के बढ़े दाम और कालाबाजारी का विरोध

कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन कर सरकार पर साधा निशाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। रसोई गैस (एलपीजी) एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों, आपूर्ति में बाधा और कालाबाजारी के विरोध में शहर के कम्पनी बाग में कांग्रेस पार्टी द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन नगर अध्यक्ष पं.रामनरेश दुबे के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की कीमतों में की गई हालिया बढ़ोतरी का विरोध जताया। सभा को संबोधित करते हुए पं.रामनरेश दुबे ने कहा कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगभग 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडरों में 100 रुपये से अधिक की वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता, छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैस की कीमतों को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। साथ ही कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी लगातार बढ़ रही है। विभिन्न राज्यों में अवैध भंडारण और कालाबाजारी के मामले सामने आने से स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडरों के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं, सभी क्षेत्रों में गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा आम जनता को राहत देने के लिए सब्सिडी बढ़ाई जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं करती है, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राम सिंह यादव ने किया। इस दौरान गजेंद्र सिंह बुंदेला, राजा राजपाल सिंह, रफीक अली, अमन साहू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष, महेश रजक बाबूजी, सीताराम राय, रामकुमार अहिरवार, खलक सिंह राजपूत, रमेश सेन, आकाश, समरथ कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button