गाजियाबाद
लोनी में एकतरफा प्यार में युवती पर ब्लेड से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की आरोपी ने एकतरफा प्रेम के चलते एक युवती के गले पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। यह वारदात 27 जनवरी की है।
घर में घुसकर किया था युवती पर हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी को पीड़िता की मां ने थाना ट्रोनिका सिटी में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को दिए अपने शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि पूजा कॉलोनी निवासी मुकिम जबरन उनके घर में घुस आया और उनकी बेटी के गले पर ब्लेड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जांच के बाद बढ़ाई गई धाराएं
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभ में बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एक और धारा जोड़ी गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी।
पुस्ता क्षेत्र से हुई अभियुक्त की गिरफ्तारी
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी मुकीम को पुस्ता चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
एकतरफा प्रेम बना हमले की वजह
पूछताछ में आरोपी मुकीम ने बताया कि वह और पीड़िता एक ही इलाके में रहते थे और एक फैक्ट्री में काम करते थे। इसी दौरान उसकी युवती से जान पहचान हुई। आरोपी उसे पसंद करने लगा था, लेकिन युवती उसे नापसंद करती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पहले से भी दर्ज हैं मुकीम पर मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से पॉक्सो एक्ट के तहत भी एक मामला दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

