वृद्धा महिला ठगी का शिकार, गहने सफाई के झांसे में ले उड़े लाखों की गहने
Elderly woman falls victim to fraud, jewellery worth lakhs stolen under the guise of cleaning jewellery

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखण्ड क्षेत्र से ठगी की एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने पर मजबूर कर दिया है। मोंगलाबाँध गांव में अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से एक वृद्ध महिला को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने लेकर फरार हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह लगभग 9:25 बजे यह घटना उस समय घटी जब 60 वर्षीय रेणुका पाल अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक काले रंग की बजाज एनएस पल्सर मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। खुद को गहना साफ करने वाला कारीगर बताकर उन्होंने महिला का विश्वास जीत लिया। महिला, जो अधिक शिक्षित नहीं हैं, उनकी बातों में आ गईं और करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने उन्हें सौंप दिए। आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए कहा कि पास में ही उनका एक साथी मशीन लेकर खड़ा है, जहां गहनों की सफाई की जायेगी। इसके बाद वे गहने लेकर बाहर निकले और मोटरसाइकिल स्टार्ट कर मौके से फरार हो गये। काफी देर तक जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे, तब परिजनों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना की पुष्टि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से हुई, जिसमें आरोपी दुमका रोड की दिशा से आते और वारदात को अंजाम देकर उसी दिशा में भागते नजर आए। पास के एक हनुमान मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी गतिविधि कैद हुई है, हालांकि मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है।
पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पाकुड़िया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबी व्यक्तियों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन के किसी को भी घर में प्रवेश न दें। विशेष रूप से गहना साफ करने या अन्य सेवाओं के बहाने आने वाले लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।



