गाजियाबाद

लोनी में गंदगी का अंबार

सफाई व्यवस्था चरमराई  बारिश में बढ़ी दुर्गंध से लोग परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। लाख प्रयासों और दावों के बावजूद जमीनी हकीकत यह है कि अधिकांश वार्डों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जो न केवल स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने स्थिति को और भी बदतर कर दिया है। सड़कों किनारे जमा कूड़े से उठ रही तीव्र दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। अंकुर विहार, रूपनगर, गुलाब वाटिका, इंदिरा एन्क्लेव, जवाहर नगर सहित कई इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि राहगीरों को नाक पर कपड़ा रखकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण कूड़ा कई-कई दिनों तक सड़कों पर पड़ा रहता है। इससे न केवल बदबू फैलती है, बल्कि मच्छरों और कीट-पतंगों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि सफाई अव्यवस्थाओं की जानकारी होने के बावजूद नगरपालिका परिषद की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देने तक सीमित नजर आ रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेरों को तत्काल हटाया जाए और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्थायी योजना बनाई जाए। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह गंदगी गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है।
अब देखना यह है कि नगरपालिका परिषद इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेती है और लोगों को इस गंदगी से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button