नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में नाले के निर्माण कार्य के दौरान पार्षद के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। वार्ड नं. 11 के पार्षद मुस्तफा खां ने इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11 बजे सदनशाह क्षेत्र में नाले का निर्माण कार्य पार्षद मुस्तफा खां की देखरेख में चल रहा था। इसी दौरान क्षेत्र निवासी मुगेसउद्दीन मौके पर पहुंचे और कथित रूप से पार्षद के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि उन्होंने पार्षद का गिरेबान पकड़ लिया, गला दबाने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के सामने ही हंगामा हुआ, जिससे कार्य भी बाधित हो गया। पार्षद का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पुलिस विभाग में उर्दू अनुवादक के पद पर तैनात है और दबंगई के बल पर नाले पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कर रखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर वह पुलिस कार्रवाई की धमकी देता है। मुस्तफा खां ने अपने प्रार्थना पत्र में जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
